

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Uproar in Pathalgaon following an electrical accident; two laborers dead, four critically burnt; road blockade on NH-43.
जशपुरनगर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में बुधवार को बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर के सामने धरना शुरू कर दिया और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह से चल रहे प्रदर्शन के बावजूद शाम करीब 4 बजे तक मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने से ग्रामीण और परिजन और अधिक नाराज हो गए।
मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शाम को पत्थलगांव से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बुधवार देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। कई वाहन चालक घंटों तक फंसे रहे, जबकि कुछ लोगों ने ग्रामीण मार्गों से निकलने की कोशिश की।
मामले को लेकर प्रदर्शन का दायरा बढ़ता गया। पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के समर्थन में खड़े हुए। कांग्रेस के स्थानीय नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
पूर्व विधायक रामपुकार सिंह, जिला पंचायत सदस्य आरती सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, रत्ना पैंकरा और कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील समेत अन्य नेता भी मौके पर पहुंचे। नेताओं ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों की मांगों का समर्थन किया।
हादसे में दो मजदूरों की मौत और चार के गंभीर रूप से झुलसने के बाद परिजन मुआवजा, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। देर शाम तक प्रशासन की ओर से मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।