

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Kumhari: Out-of-control Hyva truck runs over woman; she dies on the spot.
कुम्हारी। कुम्हारी के रामनगर इलाके में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 बच्चों की मां पुष्पा श्रीवास की मौत हो गई। मिट्टी से लदे एक बेकाबू हाइवा ने साइकिल सवार महिला को अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर निवासी पुष्पा श्रीवास बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे साइकिल से शंकर नगर की ओर जा रही थीं। वह रामनगर स्थित गुजराती समाज भवन के पास मोड़ पर पहुंचीं, तभी अहिवारा-धमधा मार्ग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद महिला गंभीर रूप से कुचल गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुष्पा श्रीवास लोगों के घरों में मालिश का काम कर अपने दो बेटों और दो बेटियों का पालन-पोषण करती थीं। उनके पति की काफी समय पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पुष्पा की अचानक मौत से चारों बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया।
घटना के बाद हाइवा चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सुपेला मर्चुरी भेजकर पोस्टमार्टम कराया।
हादसे को लेकर स्थानीय लोगों और पार्षदों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने मृतका के परिवार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की। इसके बाद हाइवा मालिक की ओर से अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई।
कुम्हारी पुलिस ने हादसे में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और घटना की जांच की जा रही है।