

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rajya Sabha Elections: BJP appoints central observers for Bihar, Vijay Sharma and Harsh Malhotra given the responsibility
रायपुर। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। इसके तहत बिहार के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
इस संबंध में पार्टी मुख्यालय प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा हस्ताक्षरित प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने और पार्टी की रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न राज्यों में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
राज्यसभा चुनाव के तहत बिहार में इस बार पांच सीटों के लिए मतदान होना है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के अनुसार इनमें से दो सीटें भारतीय जनता पार्टी और दो सीटें जनता दल (United) के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि पांचवीं सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
दरअसल, इस सीट पर मुकाबला रोचक हो सकता है क्योंकि राष्ट्रीय जनता दल ने भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है। ऐसे में पांचवीं सीट पर चुनाव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है, जिससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का उद्देश्य राज्य में पार्टी की रणनीति को मजबूत करना और चुनावी प्रक्रिया के दौरान विधायकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना है। पर्यवेक्षक चुनाव से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगे और समय-समय पर पार्टी नेतृत्व को रिपोर्ट भी देंगे।
बिहार में पांचवीं सीट पर संभावित मुकाबले को देखते हुए यह चुनाव सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच शक्ति प्रदर्शन का मंच भी बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेतृत्व ने अनुभवी नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर चुनावी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।