

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Record increase in Indian Railways' freight traffic
भारतीय रेलवे ने अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। रेलवे ने इस महीने कुल 145.07 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो अक्टूबर 2025 के 133.93 मिलियन टन के मुकाबले 8.32 प्रतिशत अधिक है। रेलवे के मुताबिक, अक्टूबर में दर्ज यह अब तक की सबसे अधिक मासिक माल ढुलाई है।
माल ढुलाई में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी खाद्यान्न के परिवहन में देखने को मिली। अक्टूबर 2025 की तुलना में खाद्यान्न की ढुलाई 26.3 प्रतिशत बढ़ी, जबकि घरेलू कोयले में 16 प्रतिशत, अन्य सामानों में 11 प्रतिशत और घरेलू कंटेनरों में 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, लौह अयस्क में 5 प्रतिशत, खनिज तेल में 1.9 प्रतिशत और तैयार स्टील की ढुलाई में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति में भी तेजी
बिजली संयंत्रों की मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने कोयले की ढुलाई बढ़ाई है। अक्टूबर 2026 में रेलवे ने प्रतिदिन औसतन 469.8 रेक कोयले की आपूर्ति की, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 393.2 रेक था। इस तरह पावर हाउसों को कोयले की आपूर्ति में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सात महीने में 978.78 मिलियन टन माल की ढुलाई
वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के बीच भारतीय रेलवे ने कुल 978.78 मिलियन टन माल की ढुलाई की। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 935.10 मिलियन टन था। इस तरह माल ढुलाई में 4.67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
यात्री संख्या में भी हुआ इजाफा
माल ढुलाई के साथ यात्री यातायात में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अक्टूबर 2026 में रेलवे ने 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 63.52 करोड़ थी।
वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 443.8 करोड़ यात्रियों ने रेलवे से सफर किया। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 431.4 करोड़ थी। रेलवे के अनुसार, गैर-उपनगरीय यात्री यातायात में 4.2 प्रतिशत और उपनगरीय यातायात में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रेलवे का कहना है कि माल और यात्री परिवहन में लगातार हो रही वृद्धि देश के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करने और आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।