

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Lawyer Himanshu Shekhar arrested in Mahadev betting app case
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई से गिरफ्तार किए गए हिमांशु को सोमवार रात करीब 10:45 बजे रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। ED ने पूछताछ के लिए उसे सात दिन की रिमांड पर सौंपने की मांग करते हुए अदालत में आवेदन लगाया है। मामले में देर रात तक सुनवाई चलने की संभावना जताई गई।
जानकारी के मुताबिक, 43 वर्षीय हिमांशु शेखर को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय रोका गया, जब वह दुबई जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने वाला था। रायपुर ED की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर ED को सौंप दिया था।
हालांकि, गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर अदालत में पेश नहीं किए जाने की तकनीकी खामी के चलते मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने 21 नवंबर को उसकी रिहाई का आदेश दिया था।
ED ने मुंबई की विशेष अदालत के इस आदेश को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सोमवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने ED को हिमांशु को गिरफ्तार कर उचित अदालत यानी रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश करने की अनुमति दे दी। इसके बाद ED की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची और देर रात अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा आरोप यह है कि हिमांशु शेखर ने महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। रिपोर्ट्स और जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान बताया कि महादेव ऐप से जुड़े मामलों को रफा-दफा कराने और जांच को मैनेज करने के लिए यह रकम वकील हिमांशु को दी गई थी।
ED को संदेह है कि दोनों के बीच दुबई में कई मुलाकातें भी हुई थीं। अब एजेंसी हिमांशु से कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और जांच को प्रभावित करने की कोशिशों के संबंध में पूछताछ करना चाहती है।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर लाया गया था। फिलहाल वह 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर जेल में बंद है। जांच एजेंसियों को पूछताछ के दौरान उससे कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई है।
इन्हीं कथित खुलासों के आधार पर ED और CBI अब महादेव सट्टा ऐप सिंडिकेट से जुड़े वकीलों, पुलिस अधिकारियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही हैं। हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी को इसी जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
**फिलहाल सभी की नजरें रायपुर की विशेष अदालत के फैसले पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि अदालत ED को हिमांशु शेखर की सात दिन की रिमांड देती है या नहीं।**