

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Questions raised over digital attendance in Kawardha: 239 teachers and staff members were absent for five or more days, yet recorded their attendance 7,267 times while away from school.
कवर्धा। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन अटेंडेंस सिस्टम लागू किया गया है। इसके बावजूद कबीरधाम जिले में अक्टूबर महीने की रिपोर्ट ने निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार, जिले में 239 शिक्षक और कर्मचारी पांच या उससे अधिक कार्यदिवस अनुपस्थित रहे। इनमें 24 कर्मचारी ऐसे हैं, जो 15 या उससे अधिक दिन गैरहाजिर रहे। वहीं 68 कर्मचारियों ने पूरे महीने मोबाइल एप के माध्यम से एक बार भी अपनी हाजिरी दर्ज नही की।सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा स्कूल परिसर से दूरी का है। अक्टूबर में 7,267 बार उपस्थिति स्कूल से एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर दर्ज की गई। इससे यह सवाल उठ रहा है कि कर्मचारी वास्तव में स्कूल पहुंचे थे या दूर रहकर ही डिजिटल हाजिरी लगा रहे थे।
जिले के 1,235 सरकारी स्कूलों में कुल 5,559 कर्मचारी सक्रिय हैं। अक्टूबर में अवकाश घटाने के बाद कर्मचारियों की कुल अपेक्षित उपस्थिति 99,302 स्टाफ-डे थी, जबकि एप पर 93,795 स्टाफ-डे की हाजिरी दर्ज हुई। इस तरह 5,507 स्टाफ-डे की कमी सामने आई।पांच या उससे अधिक दिन अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की संख्या में बोड़ला विकासखंड सबसे आगे रहा। यहां 85 कर्मचारी इस श्रेणी में मिले। पंडरिया में भी 79 शिक्षक और कर्मचारी पांच या अधिक कार्यदिवस अनुपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा के अनुसार, मोबाइल एप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नही करने वाले शिक्षक-कर्मचारियों का वेतन रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश कर्मचारी एप का उपयोग कर रहे हैं।हालांकि, पूरे महीने हाजिरी दर्ज नही करने वाले 68 कर्मचारियों और लगातार अनुपस्थित रहने वालों की वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन जरूरी है। अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट करना होगा कि अनुपस्थिति के पीछे अवकाश या अन्य कारण थे अथवा डिजिटल हाजिरी प्रणाली का दुरुपयोग किया गया।