

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic accident during military exercise: Two soldiers martyred after being struck by a tank
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले की भोजराज सैन्य अभ्यास रेंज में शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अभ्यास में शामिल टैंक की चपेट में आने से दो जवान बलिदान हो गए। हादसे में लांस नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल हिसार के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अभ्यास के दौरान करीब 32 टैंक एक साथ आगे बढ़ रहे थे। इनकी आवाजाही से मैदान में धूल का घना गुबार छा गया और दृश्यता बेहद कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक चालक को जमीन पर अभ्यास कर रहे दोनों जवान दिखाई नही दिए। टैंक दोनों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गया।
बताया गया है कि सैन्य अभ्यास के तहत दोनों जवान जमीन पर लेटकर प्रशिक्षण कर रहे थे। दूसरी ओर, निर्धारित अभ्यास के अनुसार टैंकों की आवाजाही जारी थी। एक साथ कई टैंकों के आगे बढ़ने से धूल का गुबार इतना घना हो गया कि आसपास की दृश्यता लगभग शून्य हो गई। इसी स्थिति में चालक दोनों जवानों को देख नही पाया और हादसा हो गया।घटना के बाद घायल जवानों को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों की जान नही बचाई जा सकी।
रविवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों जवानों के पार्थिव शरीर सैनिक छावनी लाए गए। यहां सैन्य अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।लांस नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे, जबकि नायक अंकुश पटेल का संबंध बदायूं जिले से था। हादसे की खबर से दोनों जवानों के परिवारों और उनके गृह क्षेत्रों में शोक का माहौल है। देश ने सैन्य प्रशिक्षण के दौरान हुए इस हादसे में अपने दो बहादुर जवानों को खो दिया।