

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod national highway 30 truck fire driver saves life
बालोद। नेशनल हाईवे-30 पर आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कच्चा लोहा लेकर जा रहे एक 14 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
नारायणपुर से रायपुर जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, घटना पुरूर थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के सामने की है। ट्रक क्रमांक CG-04-QH-9770 कच्चा लोहा लेकर नारायणपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 1:15 बजे ट्रक से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल ट्रक से छलांग लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल आया।
दमकल पहुंचने तक जलकर खाक हुआ ट्रक
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि पूरा 14 चक्का ट्रक जलकर खाक हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बताया जा रहा है कि ट्रक नारायणपुर के एक ट्रांसपोर्टर का है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रक में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुरूर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।