

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Retired Brigadier killed in firing in Dehradun, shot while being chased on the road
देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड से सटे जोहड़ी रोड पर सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में फायरिंग के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत हो गई। वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी चली गोली उनके सीने में जा लगी।
विवाद से शुरू हुई घटना
पुलिस के अनुसार, मामला रविवार रात राजपुर रोड स्थित जेन-जी बार में हुए विवाद से जुड़ा है। यहां बिल को लेकर स्कार्पियो सवार युवकों और बार स्टाफ के बीच कहासुनी हुई थी, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बार कर्मचारियों ने युवकों के साथ मारपीट की और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
सुबह फिर हुआ आमना-सामना
सोमवार सुबह स्कार्पियो सवार युवक दोबारा बार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बार कर्मचारियों को फार्च्यूनर कार में जाते देखा। इसके बाद उन्होंने कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
टायर पर फायरिंग, राहगीर को लगी गोली
कार को रोकने के लिए आरोपितों ने फार्च्यूनर के टायर पर फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सड़क किनारे टहल रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को जा लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कई आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी
पुलिस ने मामले में बार संचालक संदीप कुमार, स्टाफ सदस्य मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर, रोहित कुमार और स्कार्पियो सवार आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपितों शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर और वैभव की तलाश जारी है।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।