

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Rs 3 crore robbery in Rajkishore Nagar revealed, four accused arrested from Mirzapur
बिलासपुर। बिलासपुर के राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी से 3 करोड़ रुपये से अधिक के सोना और नकदी लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में एटीएस की मदद से पकड़ा गया।
वारदात ऐसे हुई
मंगलवार रात सराफा कारोबारी संतोष तिवारी वसंत विहार चौक स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर से करीब 500 मीटर पहले लुटेरों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की, लेकिन पूर्व में पुलिस कांस्टेबल रह चुके संतोष ने एक आरोपी को पकड़ लिया। इस पर दूसरे बदमाश ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें घायल कर दिया और उनकी कार लेकर फरार हो गए। कार में करीब 2 किलो 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.50 लाख रुपये नकद रखे थे।
गाड़ियों की अदला-बदली कर भागे
लुटेरे कारोबारी की कार लेकर उर्तुम की ओर भागे। वहां स्कॉर्पियो में सवार होकर आगे बढ़े और फिर आई-20 कार बदलकर उत्तर प्रदेश की ओर निकल गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनका पीछा किया।
जेल में बंद आरोपी से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को जेल में बंद गिरोह के एक सदस्य से अहम सुराग मिला। इसी आधार पर विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई। बिलासपुर पुलिस की सूचना पर मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में एटीएस के सहयोग से चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। मामले की जांच के लिए 10 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें तीन टीमें तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी थीं।
आगे की कार्रवाई
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटा गया माल बरामद करने की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।