

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

SING Forum 2026: Chief Minister Vishnu Deo Sai arrives in Singapore; new investment opportunities to be discussed.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। यह अंतरराष्ट्रीय मंच राज्य को वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी उपलब्धियां और निवेश की संभावनाएं प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
फोरम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों, प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रमुखता से रखा जाएगा।
SING फोरम 2026 के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री निवेशकों को राज्य की अनुकूल औद्योगिक नीतियों, मजबूत अधोसंरचना, उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और कुशल मानव संसाधन के बारे में जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना और कुशल मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग करते हुए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में उभरते क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार इन अवसरों को वैश्विक निवेशकों तक पहुंचाने और प्रदेश में नए निवेश को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश की संभावनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
SING फोरम 2026 में मुख्यमंत्री की सहभागिता को छत्तीसगढ़ के लिए वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान सिंगापुर के निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली चर्चा से राज्य में नए निवेश और औद्योगिक साझेदारियों के रास्ते खुलने की उम्मीद है।