

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Seat shortage on trains even before Diwali and Chhath; long waiting lists on trains bound for Bihar and UP have increased passenger anxiety.
रायपुर। दीपावली और छठ पूजा में अभी एक महीने से ज्यादा का समय बाकी है, लेकिन त्योहारों पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेल सफर की परेशानी अभी से शुरू हो गई है। रायपुर से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण का दबाव बढ़ गया है। 5 से 16 नवंबर के बीच कई ट्रेनों में स्लीपर और थर्ड एसी की सीटों पर लंबी प्रतीक्षा सूची दिखाई दे रही है।इस साल दीपावली 8 नवंबर और छठ पूजा 15 नवंबर को है। खासकर छठ के आसपास बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक टिकट बुक नहीं कराया है, उनके लिए कंफर्म बर्थ मिलना मुश्किल हो सकता है।
रायपुर से लखनऊ जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस में प्रतीक्षा सूची 146 तक पहुंच गई है। रायपुर-बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस में 88 और रायपुर-पटना दक्षिण बिहार एक्सप्रेस में 80 तक वेटिंग दर्ज है।इसके अलावा पुणे-हावड़ा रूट की आजाद हिंद एक्सप्रेस और रायपुर-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस में भी करीब 50 तक प्रतीक्षा सूची पहुंच चुकी है। रायपुर से निजामुद्दीन जाने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में 46 और छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति में 45 तक वेटिंग चल रही है।
ट्रेन - ट्रेन नंबर - रूट - वेटिंग
गरीब रथ - 12536 - रायपुर-लखनऊ - 146
गोंदिया एक्सप्रेस - 15232 - रायपुर-बरौनी - 88
दक्षिण बिहार एक्सप्रेस - 13288/13287 - रायपुर-पटना - 80
आजाद हिंद एक्सप्रेस - 12130/12129 - रायपुर-पुणे/हावड़ा - 50
सारनाथ एक्सप्रेस - 15159/15160 - रायपुर-छपरा - 50
गोंडवाना एक्सप्रेस - 12410/12409 - रायपुर-निजामुद्दीन - 46
छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति - 12824/12823 - रायपुर-निजामुद्दीन - 45
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस - 18238/18237 - रायपुर-निजामुद्दीन - 40
अमरकंटक एक्सप्रेस - 12854/12853 - रायपुर-भोपाल - 20
गीतांजलि एक्सप्रेस - 12860/12859 - रायपुर-मुंबई/हावड़ा - नो रूम
दीपावली के बाद छठ पूजा के लिए बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। छठ के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने गांव और परिवार के बीच पहुंचते हैं। यही वजह है कि त्योहार के नजदीक आने के साथ लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण की मांग और बढ़ सकती है।रेलवे की ओर से भी त्योहारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें और अतिरिक्त फेरे चलाने की तैयारी की जा रही है। अलग-अलग रेल जोन में स्पेशल ट्रेनों की घोषणाएं शुरू हो चुकी हैं।
त्योहारी सीजन के बीच रेलवे के परिचालन में बदलाव भी यात्रियों की चिंता बढ़ा सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के राजखरसवां सेक्शन में ट्रैक नवीनीकरण के लिए 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक प्रस्तावित है।इसके चलते कुछ ट्रेनों के फेरे रद्द किए जा सकते हैं, जबकि कुछ गाड़ियों को बदले हुए मार्ग से चलाने की योजना है। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों के परिचालन पर भी इसका असर पड़ सकता है। यानी त्योहारी भीड़ के कारण सीटों की उपलब्धता पहले ही चुनौती बनी हुई है और इसके बाद प्रस्तावित मेगा ब्लॉक के चलते यात्रियों को ट्रेन संचालन में बदलाव का सामना भी करना पड़ सकता है।