

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Sanjay Leela Bhansali's team denies heart attack rumours, says filmmaker is completely healthy
मुंबई। दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली को लेकर अचानक फैली हार्ट अटैक की खबरों ने बुधवार को हलचल मचा दी। उनके 63वें जन्मदिन के ठीक बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, ये दावे पूरी तरह बेबुनियाद निकले।
टीम ने जारी किया आधिकारिक बयान
भंसाली की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया, “संजय लीला भंसाली के हॉस्पिटल में भर्ती होने की खबरें पूरी तरह झूठी और निराधार हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि अपुष्ट और बिना वेरिफाइड सोर्स वाली खबरों पर विश्वास न करें।” बयान के बाद साफ हो गया है कि फिल्ममेकर पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या नहीं हुई है।
कैसे शुरू हुई अफवाह?
बताया जा रहा है कि ‘मामाराजी’ नाम के एक इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट साझा कर दावा किया गया था कि भंसाली को जन्मदिन के दिन हार्ट अटैक आया और उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्ट में उनके इलाज को लेकर भी जानकारी होने का दावा किया गया था। यही पोस्ट वायरल होते ही अफवाह तेजी से फैल गई।
फैंस में फैली थी चिंता
अफवाहों के चलते उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि, टीम के स्पष्टीकरण के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। फिलहाल, संजय लीला भंसाली स्वस्थ हैं और अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।