

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Scope of Mahtari Vandan Yojana to expand; unmarried women over 40 may become eligible for benefits.
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। अब 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी योजना में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा कि योजना का पोर्टल खुलने पर पात्र अविवाहित महिलाएं पंजीयन करा सकेंगी।
हालांकि, नई श्रेणी को योजना में शामिल करने को लेकर अंतिम फैसला राज्य सरकार को करना है। विभागीय स्तर पर पात्रता के नियमों को सरल बनाने और अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के विकल्पों पर मंथन चल रहा है।
महतारी वंदन योजना के मौजूदा दायरे में पात्र विवाहित महिलाओं के साथ विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं। अब सरकार 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी इस योजना का लाभ देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इस वर्ग की महिलाओं को भी हर महीने आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हो सकता है। इसके लिए योजना के पोर्टल पर नए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करनी होगी।
महतारी वंदन योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था। योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से हर महीने 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक योजना की 30 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और कुल 19,444.33 करोड़ रुपये की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। सरकार का दावा है कि योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।
कई महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य के लिए कर रही हैं, जबकि कुछ महिलाएं सिलाई मशीन जैसे साधन खरीदकर रोजगार और आय का जरिया विकसित कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए प्रदेश में करीब 10 लाख महिलाएं नए पंजीयन का इंतजार कर रही हैं। इनमें लगभग दो लाख महिलाएं बस्तर संभाग की बताई जा रही हैं। योजना शुरू हुए दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद नए हितग्राहियों के लिए पोर्टल नियमित रूप से नहीं खोला गया है। इससे पात्र होने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं योजना के लाभ से वंचित हैं।
ग्रामीण और शहरी इलाकों में ऐसी स्थिति भी सामने आ रही है, जहां एक ही परिवार में एक महिला योजना का लाभ ले रही है, जबकि दूसरी पात्र महिला पंजीयन नहीं होने के कारण योजना से बाहर है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त 2025 में सीमित अवधि के लिए महतारी वंदन योजना का पोर्टल खोला था। हालांकि, यह सुविधा केवल बस्तर संभाग में 'नियद नेल्ला नार' (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत सुरक्षा शिविरों के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों तक सीमित थी। इस विशेष अभियान के दौरान करीब 7 हजार महिलाओं का पंजीयन किया गया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुशासन तिहार के दौरान पात्र महिलाओं को नए पंजीयन के लिए पोर्टल खोलने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद महिलाओं को उम्मीद थी कि जल्द ही पंजीयन प्रक्रिया शुरू होगी। लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी नए पंजीयन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में प्रस्ताव वित्त विभाग में लंबित है।
नई श्रेणी के रूप में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को योजना में शामिल करने की कवायद से उन महिलाओं की उम्मीद बढ़ी है, जो लंबे समय से आर्थिक सहायता का इंतजार कर रही हैं। हालांकि, पात्रता की शर्तें, पंजीयन की तारीख और पोर्टल खोलने को लेकर अभी कोई अंतिम आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।