

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Search for Shoaib Dhebar intensifies; lookout circular issued to prevent him from fleeing abroad; a reward of 10,000 announced for his arrest.
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा और उनके परिवार को गैंगस्टरों के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने के मामले में फरार शोएब ढेबर की तलाश तेज कर दी गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसे विदेश जाने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उसकी गिरफ्तारी में मदद के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस की टीमें छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।शोएब ढेबर, शराब और कोयला लेवी से जुड़े मामलों में आरोपित अनवर ढेबर का पुत्र है। पुलिस अब उसकी गतिविधियों, संपर्कों और फरार होने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आनंद कुकरेजा ने 14 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति की ओर से फोन कर प्रोटेक्शन मनी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया था। जांच के दौरान मोबाइल सिम और आईएमईआई नंबर से संबंधित जानकारी के आधार पर शोएब ढेबर की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार किया गया था।गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किया गया। इस दौरान जिस दोस्त को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दिए जाने की बात सामने आई थी, उसने अदालत में आरोपित को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए शोएब को जमानत मिल गई।
पुलिस ने जमानत मिलने के अगले ही दिन न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए अपील की। इसके बाद शोएब के खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए। विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया है। फिलहाल पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है।
इस मामले के बीच पूर्व महापौर एजाज ढेबर की शिकायत भी सामने आई थी। उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन कर उनसे 50 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगी गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, ढेबर परिवार को अंतरराष्ट्रीय कॉल के माध्यम से धमकियां दिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति से जुड़ी कुछ जानकारियां गृह विभाग को भेजे जाने की बात कही गई है। हालांकि, जांच से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी पुलिस अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है।
शोएब ढेबर को जमानत मिलने और उसके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद फरार हो जाने के घटनाक्रम पर गृह विभाग ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारंट जारी होने के बाद वह किस तरह गिरफ्तारी से बच निकला।जांच के तहत उसके रिश्तेदारों और परिचितों के संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि रायपुर में उसके कई संपर्क हो सकते हैं। पुलिस उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। लुकआउट सर्कुलर और घोषित इनाम के बीच अब उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम चुनौती बनी हुई है।