

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sitting at the feet of Goddess Durga in the pandal, Deputy CM Vijay Sharma listened to the grievances of the villagers and announced projects worth lakhs for development.
रायपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी पंडालों और मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आए। इस दौरान देवी पंडाल जनसमस्या निवारण के केंद्र के रूप में दिखाई दिया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा भी की गई।
गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्यों और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई। इन कार्यों से गांव में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम मैनपुरी पहुंचकर दुर्गा पंडाल में पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचे, जहां स्थापित मां दुर्गा पंडाल में आकर्षक धार्मिक झांकियों का अवलोकन किया।
पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की झांकियों के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक प्रतिमाएं और झांकियां स्थापित की गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने यहां मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं से मुलाकात की।
नेवरीगुड़ा में ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणाएं कीं।
वहीं, ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण और शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की गई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की अन्य जरूरतों की भी जानकारी ली।

अपने प्रवास के दौरान विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
उप मुख्यमंत्री के इस ग्रामीण दौरे में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसमस्याओं को सुनने और स्थानीय विकास की जरूरतों को समझने पर जोर रहा। विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उन्होंने सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर घोषणाएं कीं।
नवरात्रि के दौरान देवी पंडालों में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने और विकास कार्यों की घोषणा करने की यह पहल क्षेत्र में जनसंपर्क और ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।