

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Security blueprint revised in Chhattisgarh: SIB teams withdrawn from 7 districts; focus now shifts to keeping a close watch on social media and the 'Urban Naxal network'.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के प्रभाव में आई कमी के साथ राज्य की सुरक्षा रणनीति में भी बड़ा बदलाव शुरू हो गया है। स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) ने नक्सल प्रभावित रहे 16 जिलों में से 7 जिलों से अपनी खुफिया टीमों को वापस बुला लिया है। इन जिलों में तैनात करीब 140 जवानों और अधिकारियों को उनकी मूल या पसंदीदा पोस्टिंग पर भेजा गया है। इसे राज्य में नक्सली गतिविधियों के कमजोर पड़ने का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
अब एसआईबी की प्राथमिकता जंगलों में सक्रिय सशस्त्र नक्सली दस्तों की निगरानी से आगे बढ़कर काउंटर इंटेलिजेंस पर केंद्रित हो गई है। एजेंसी अब शहरों में सक्रिय संदिग्ध नक्सली नेटवर्क, दूसरे राज्यों से जुड़े 'अर्बन नक्सल नेटवर्क' और डिजिटल माध्यमों से चलने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखेगी।
नई रणनीति के तहत एसआईबी अब इन प्रमुख क्षेत्रों पर निगरानी रखेगी। शहरों में सक्रिय संदिग्ध नक्सली नेटवर्क और उनके संपर्क। दूसरे राज्यों में फैले 'अर्बन नक्सल नेटवर्क' की गतिविधियां। सोशल मीडिया पर नक्सली विचारधारा और डिजिटल प्रचार-प्रसार। पहले नक्सली प्रभाव में रहे श्रमिक एवं मजदूर संगठनों की गतिविधियां। सरेंडर कर चुके हाई-रैंकिंग नक्सलियों के संपर्क, मुलाकात और गतिविधियों का रिकॉर्ड।
बदले सुरक्षा ढांचे के तहत धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम (कवर्धा), बालोद, जशपुर, सरगुजा (अंबिकापुर) और सूरजपुर से एसआईबी की खुफिया टीमों को वापस बुला लिया गया है।
हालांकि बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, जगदलपुर के अलावा गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जैसे सीमावर्ती जिलों में एसआईबी की तैनाती फिलहाल जारी रहेगी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन क्षेत्रों में अभी भी सतर्क निगरानी बनाए रखना आवश्यक है।
नक्सल आंदोलन के चरम दौर में एसआईबी का मुख्य कार्य जंगलों में नक्सलियों की बैठक, मूवमेंट और रणनीति की जानकारी जुटाना था। इन्हीं इनपुट के आधार पर सुरक्षा बल ऑपरेशन की योजना बनाते थे। अब हालात बदलने के साथ एजेंसी का ध्यान डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया नेटवर्क और शहरी गतिविधियों की निगरानी पर केंद्रित हो गया है।