

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Security forces conduct major operation in Bijapur, seize weapons and Rs 65 lakh in cash from Naxal hideout
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीते बुधवार को बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और नकदी बरामद की गई है। इस दौरान जंगलों में छिपाकर बनाए गए बंकरों का भी खुलासा हुआ।
एक माह से चल रहा था सघन अभियान
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पिछले एक महीने से जिले के सुदूर और अतिसंवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर सुरक्षाबलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंपों की जानकारी मिली, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
65 लाख से अधिक नकदी और 32 हथियार जब्त
संयुक्त अभियान के दौरान कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन और .303 रायफल समेत कुल 32 हथियार जब्त किए गए हैं।
बरामद हथियारों में:
1 एलएमजी रायफल
4 एसएलआर रायफल
1 कार्बाइन रायफल
5 .303 रायफल
1 .315 रायफल
5 सिंगल शॉट गन
4 बारह बोर बंदूकें
7 बीजीएल लॉन्चर
1 पिस्टल शामिल हैं।
इसके साथ ही AK-47, SLR, .303, .315 और पिस्टल के सैकड़ों जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, एलएमजी बैरल, मैग्जीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई।

140 किलो विस्फोटक सामग्री नष्ट
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पहले बरामद किए गए लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नष्ट कर दिया गया।
नक्सलियों की सप्लाई और IED क्षमता को झटका
एसपी डॉ. यादव ने कहा कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
