

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Seva Sankalp Abhiyan' (Campaign for Commitment to Service): A nationwide campaign running from September 17 to October 17; the state will engage in 25 public service activities.
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जनसेवा एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण, डिजिटल साक्षरता सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील भी की गई है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रमुख उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है। अभियान में प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।
सरकारी विभागों के साथ नागरिक, सामाजिक संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, स्वयं सहायता समूह, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्वैच्छिक संगठन भी इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
अभियान के दौरान नागरिकों को कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। श्रमदान की फोटो या वीडियो माई भारत पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र दिए जाने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
इसके माध्यम से स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और अन्य सामाजिक गतिविधियों में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
संस्कृति विभाग जिला प्रशासन के समन्वय से इन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान के दौरान विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। इसके अलावा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसी अभिनव गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत 2047’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से जुड़े विषयों पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना और देश के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के तहत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इन गतिविधियों से जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा और उनके सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं, बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इन कहानियों के जरिए यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने किस तरह आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। साथ ही अन्य पात्र नागरिकों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
‘नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका और ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को सरल, भावनात्मक और संगीतपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की योजना है। ये कार्यक्रम स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत करीब 50 ऐसे स्थानों का चयन करने की योजना है, जिन्हें केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें गुजरात की GIFT City और बस्तर जैसे स्थान शामिल किए जाने की योजना है।
इन स्थानों के दौरे में सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी शामिल करने की योजना है, ताकि विकास और बदलाव की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।
17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने का अवसर होगा। इसी अवधि के दौरान अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को बड़े कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।
अभियान के अंतिम दिन ‘जनसेवक महाकुंभ’ आयोजित करने की योजना है। इसमें पंचायत से लेकर संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का प्रस्ताव है।
समापन कार्यक्रम में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इस आयोजन के जरिए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी के साथ सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।