

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Seva Sankalp Abhiyan' to begin on September 17; public service programs to continue for a month.
जांजगीर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं को प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिता पांडे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर होगी। इस दौरान जिले में अलग अलग सामाजिक और जनहित से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा का संदेश दिया जाएगा।युवाओं, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को जोड़ने के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की योजना है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी और विचार गोष्ठियों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के दौरान 'सेवा की कहानी' और 'विकसित भारत' जैसे विषयों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा उनके अनुभव साझा करने पर भी जोर रहेगा।कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि अभियान को केवल राजनीतिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिले के अलग अलग क्षेत्रों में रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने की योजना बनाई गई है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित होंगी।बैठक में अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ चलने वाला यह अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।