

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Singaporean investors invited to Chhattisgarh; CM Sai outlines investment opportunities.
सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM के मंच से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने सिंगापुर के निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और तेजी से विकसित हो रहे नए क्षेत्रों की संभावनाओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। राज्य तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। सरकार प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक के बेहतर समन्वय के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
.jpeg)
साय ने कहा कि सिंगापुर ने तकनीक, शहरी नियोजन और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय विशेषज्ञता हासिल की है। सिंगापुर के अनुभव और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक एवं प्राकृतिक क्षमताओं का समन्वय दोनों पक्षों के लिए नई विकास संभावनाएं पैदा कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार करने के साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में सिंगापुर की विशेषज्ञता और छत्तीसगढ़ की संभावनाओं को जोड़कर नए निवेश अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया।
.jpeg)
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच मजबूत साझेदारी का लाभ केवल निवेश तक सीमित नहीं रहेगा। इससे राज्य में रोजगार के अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने और राज्य में निवेश की संभावनाओं पर आगे बढ़कर काम करने का आह्वान किया।