

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Spanish footballer dies after colliding with goalkeeper during a match; passes away at the age of 30.
नई दिल्ली। स्पेनिश फुटबॉल जगत से दुखद खबर सामने आई है। दूसरे दर्जे के फुटबॉल क्लब टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सोमवार को एक मुकाबले के दौरान गेंद पर कब्जे की कोशिश में उनकी टक्कर एंडोरा फुटबॉल क्लब के गोलकीपर जीसस ओवोनों से हो गई थी। टक्कर के बाद मिगुएल मैदान पर बेसुध होकर गिर पड़े। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।
मैच के दौरान गेंद को हासिल करने के प्रयास में मिगुएल और गोलकीपर ओवोनों के बीच जोरदार टक्कर हुई। बताया गया है कि इस दौरान ओवोनों का घुटना मिगुएल की छाती पर लगा। चोट के बाद स्ट्राइकर मैदान पर ही बेहोश हो गए।रेफरी ने घटना के तुरंत बाद गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया। मैदान पर मौजूद मेडिकल टीम ने मिगुएल को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद स्पेनिश फुटबॉल जगत में शोक की लहर है। स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को होने वाले सभी मैच रद्द कर दिए।फिलहाल गोलकीपर ओवोनों के खिलाफ किसी आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है। फुटबॉल के मैदान पर इस तरह की घटनाओं में अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत चार से 14 मैचों तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। यदि मामले में आपराधिक केस दर्ज होता है, तो आगे की कार्रवाई स्पेन के कानूनों के अनुसार होगी।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान चोट लगने से खिलाड़ियों की मौत की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इनमें कुछ हादसे इतने गंभीर थे कि खिलाड़ियों को बचाने के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता भी काम नहीं आ सकी।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज 25 नवंबर 2014 को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शेफील्ड शील्ड मैच खेल रहे थे। इसी दौरान गेंदबाज शॉन एबॉट की बाउंसर उनके गले पर लगी। गंभीर चोट के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने उन्हें कोमा में रखा, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनका निधन हो गया।
28 अक्टूबर 2023 को इंग्लैंड के शेफील्ड एरिना में आइस हॉकी मुकाबले के दौरान नॉटिंघम पैंथर्स के 29 वर्षीय खिलाड़ी एडम जॉनसन के गले पर विरोधी टीम के खिलाड़ी मैट पेटग्रेव के स्केट का धारदार ब्लेड लग गया। चोट के बाद जॉनसन ने टीम बेंच तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वहीं गिर पड़े। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की पुलिस जांच हुई, लेकिन बाद में मामला खारिज कर दिया गया और पेटग्रेव को सजा नहीं हुई।
इंडोनेशिया के गोलकीपर चोइरुल हुदा की 15 अक्टूबर 2017 को एक फुटबॉल मैच के दौरान मौत हो गई थी। गेंद पकड़ने की कोशिश में वह अपनी ही टीम के खिलाड़ी से टकरा गए थे। इस हादसे में उनकी छाती पर गंभीर चोट आई। शुरुआती उपचार के दौरान वह होश में थे, लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उनका निधन हो गया।
मैनचेस्टर यूनाइटेड और सेंट हेलेंस के बीच 8 अप्रैल 1907 को खेले गए फुटबॉल मैच के दौरान 25 वर्षीय टॉमी ब्लैकस्टॉक के सिर में चोट लगी थी। गेंद को हेड करने की कोशिश के दौरान हुए इस हादसे के बाद उनकी मौत हो गई थी।खेल के मैदान पर हुए ये हादसे याद दिलाते हैं कि प्रतिस्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और तत्काल चिकित्सा सहायता कितनी महत्वपूर्ण है।