

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Speaking at the Teej Milan ceremony, CM Sai stated that the respect, safety, and economic empowerment of mothers and sisters are the government's top priority.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान है। मुख्यमंत्री मंगलवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल महिलाओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में आदिकाल से ही मातृशक्ति को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। वेदों, पुराणों और सामाजिक परंपराओं में नारी के सम्मान और गरिमा का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का हितग्राही नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बराबर का सहभागी मानकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं है। महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
तीज मिलन समारोह में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने लोकगीत के माध्यम से माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में तीज पर्व की पारंपरिक संस्कृति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा विकास की राह में बड़ी बाधा थी, वहां अब शांति और विश्वास के साथ विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
साय ने कहा कि प्रकृति ने छत्तीसगढ़ को समृद्ध वन संपदा, वनोपज, खनिज संसाधनों और उपजाऊ कृषि भूमि से नवाजा है। सरकार इन संसाधनों का जनहित में बेहतर उपयोग करते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शांति, विश्वास और विकास के साथ छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाना सरकार का संकल्प है।