

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Stabbing and assault incidents in two areas of Raipur late at night; FIR registered against four accused.
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी। पहली घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजा बाजार में हुई, जबकि दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरन बाजार में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, चंगोराभाठा निवासी पवन वर्मा, जो भाजपा महिला मोर्चा लाखेनगर मंडल अध्यक्ष के पति हैं, रविवार रात करीब 9:15 बजे सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि दो युवक फल विक्रेता संजय सोनकर से चाकू दिखाकर मुफ्त में फल मांग रहे थे।
विरोध करने पर आरोपियों ने फल विक्रेता पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो बना रहे पवन वर्मा को देखकर आरोपी भड़क गए। आरोप है कि अंशु और बादल ने उनका मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए उनके साथ मारपीट की। जान बचाकर भागने के दौरान पवन वर्मा गिर पड़े, जिससे उनके हाथ और कमर में चोट आई।
डीडी नगर थाना पुलिस ने अंशु और बादल के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, चाकू दिखाकर डराने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना बीते रविवार रात करीब 9 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के फौव्वारा चौक स्थित याकूब पान ठेले पर हुई। पुलिस के अनुसार, सत्यम सिका अपने दोस्तों के साथ पान खाने पहुंचा था। इसी दौरान भीड़ में धक्का लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि फिरोज ने इमरोज को सत्यम पर चाकू से हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद इमरोज ने सत्यम के पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के दौरान चाकू उसकी बाईं जांघ में लग गया, जिससे वह घायल हो गया।
कोतवाली थाना पुलिस ने फिरोज और इमरोज के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घायल युवक का उपचार कराया गया है और पुलिस दोनों मामलों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।