

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: State Capital Region gets approval, integrated development of Raipur-Durg-Nava Raipur will gain momentum
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरीकरण और संतुलित क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के गठन को मंजूरी दे दी है। विधानसभा से संबंधित विधेयक पारित होने के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को औपचारिक रूप से गति मिल गई है। इस क्षेत्र में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और नवा रायपुर अटल नगर को शामिल करते हुए एकीकृत और योजनाबद्ध विकास किया जाएगा।
मध्य भारत का बड़ा आर्थिक और औद्योगिक केंद्र बनेगा क्षेत्र
राज्य सरकार का मानना है कि स्टेट कैपिटल रीजन का गठन छत्तीसगढ़ को मध्य भारत के प्रमुख आर्थिक, औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचे, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
NCR और मुंबई मॉडल की तर्ज पर होगा विकास
स्टेट कैपिटल रीजन का विकास देश के प्रमुख शहरी मॉडलों जैसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) और हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण (HMDA) की तर्ज पर किया जाएगा। इस मॉडल के तहत विभिन्न शहरों और शहरी क्षेत्रों को एकीकृत कर क्षेत्रीय स्तर पर योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
अवसंरचना, आवास और परिवहन पर रहेगा विशेष फोकस
सरकार की योजना के अनुसार क्षेत्र में सड़कों और कनेक्टिविटी का विस्तार, आधुनिक परिवहन व्यवस्था, आवासीय विकास, जलापूर्ति, बिजली और स्वच्छता सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। साथ ही स्मार्ट सिटी सुविधाओं और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार किया जाएगा ताकि बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
2031 तक आबादी 50 लाख पार होने का अनुमान
सरकार के अनुसार वर्ष 2031 तक स्टेट कैपिटल रीजन की आबादी 50 लाख से अधिक हो सकती है। इसी संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन शहरी विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधनों और सेवाओं का विस्तार किया जा सके।
रायपुर-दुर्ग मेट्रो परियोजना को भी मिलेगी गति
राज्य बजट में रायपुर से दुर्ग तक प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना के सर्वे के लिए प्रावधान किया गया है। इस परियोजना के जरिए क्षेत्र में तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। मेट्रो परियोजना से राजधानी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।