

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Stock Market: Stock market buoyant for the fourth consecutive day; Sensex surges 521 points, banking stocks show impressive strength.
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे कारोबारी दिन तेजी देखने को मिली। मजबूत बैंकिंग शेयरों, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और बेहतर तिमाही कारोबारी आंकड़ों के दम पर सेंसेक्स 521 अंक की छलांग लगाकर 78,285 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 159.50 अंक की बढ़त के साथ 24,430 के स्तर पर पहुंच गया। जुलाई की शुरुआत से अब तक सेंसेक्स करीब 1,362 अंक मजबूत हो चुका है।
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह निजी बैंकों के शानदार तिमाही कारोबारी आंकड़े रहे। बैंक निफ्टी में करीब 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि सेंसेक्स के अधिकांश प्रमुख शेयरों ने भी सकारात्मक प्रदर्शन किया। बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।
कारोबार के दौरान 16 प्रमुख सेक्टरों में से 14 में तेजी दर्ज की गई। मेटल और रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत चढ़ गया। हालांकि आईटी सेक्टर दबाव में रहा और टीसीएस निफ्टी-50 का सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर रहा, जिसमें 1 प्रतिशत से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई।
अप्रैल-जून तिमाही के शुरुआती कारोबारी आंकड़ों ने बैंकिंग शेयरों को मजबूती दी। एचडीएफसी बैंक की सकल लोन ग्रोथ 15.4 प्रतिशत और जमा राशि में 14.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक्सिस बैंक की लोन ग्रोथ 19 प्रतिशत रही, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक ने 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज के अनुसार एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक और बंधन बैंक ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया।
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि बाजार की अगली दिशा कंपनियों के तिमाही नतीजों और मानसून की स्थिति पर निर्भर करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक बेस-केस में जून 2027 तक सेंसेक्स 89,000 के स्तर तक पहुंच सकता है, जिसकी संभावना करीब 50 प्रतिशत बताई गई है। वहीं तेजी का माहौल बरकरार रहने पर सेंसेक्स 1 लाख के आंकड़े को भी छू सकता है, जबकि कमजोर परिस्थितियों में इसके 66 हजार तक आने की आशंका भी जताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार आने वाले समय में फाइनेंशियल, कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी और इंडस्ट्रियल सेक्टर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं एनर्जी, यूटिलिटी और हेल्थकेयर सेक्टरों में अपेक्षाकृत कमजोरी रहने की संभावना जताई गई है।
दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ने शेयर बाजार को लेकर कहा कि आज का बाजार 'चर्च से जुड़े कैसीनो' जैसा नजर आता है, जहां निवेश से ज्यादा सट्टेबाजी का माहौल दिखाई देता है। उन्होंने सलाह दी कि जब बाजार में डर और गिरावट का माहौल हो, तभी मजबूत और अच्छी कंपनियों के शेयरों में निवेश के अवसर तलाशने चाहिए।