

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Strait of Hormuz tensions: Indian ships damaged by Iranian gunboats, crew safe
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में एक गंभीर घटना सामने आई है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच ईरान की ओर से दो भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर गनबोट्स से गोलीबारी की गई। हालांकि इस घटना में किसी भी भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन एक जहाज को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
‘सनमार हेराल्ड’ से सामने आया ऑडियो
घटना के बाद ‘सनमार हेराल्ड’ टैंकर का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें जहाज का एक क्रू मेंबर ईरानी नौसेना से संपर्क करने की कोशिश करते हुए मदद की गुहार लगा रहा है। ऑडियो में वह कहता है कि उन्हें पहले आगे बढ़ने की अनुमति दी गई थी, लेकिन अब उन्हीं पर फायरिंग की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह टैंकर इराक से करीब 20 लाख टन कच्चा तेल लेकर भारत आ रहा था।
‘ग्रीन एरिया’ में हुआ हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस समय फायरिंग हुई, उस वक्त जहाज होर्मुज स्ट्रेट के सुरक्षित माने जाने वाले ‘ग्रीन एरिया’ में मौजूद था। जानकारी के अनुसार, जहाज ने अपनी पहचान छुपाने के लिए कुछ समय के लिए AIS सिस्टम बंद कर दिया था, जिसे बाद में दोबारा चालू किया गया।
दो जहाजों को लौटना पड़ा
ईरानी कार्रवाई के बाद भारतीय जहाज ‘सनमार हेराल्ड’ और ‘जग अर्नव’ को सुरक्षा कारणों से वापस लौटना पड़ा। इस घटना ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
‘देश गरिमा’ मुंबई पहुंचने की ओर
तनावपूर्ण हालात के बीच एक अन्य भारतीय टैंकर ‘देश गरिमा’ सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और उसके 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। इस जहाज पर 31 नाविक सवार हैं।
भारतीयों की वापसी जारी
सरकारी जानकारी के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते 28 फरवरी से अब तक करीब 10.97 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। वहीं ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने 2,378 नागरिकों की सुरक्षित वापसी में मदद की है।