

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Suicide note written in henna becomes crucial evidence in Chhindwara; serious allegations against in-laws following married woman's death.
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक बेहद मार्मिक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्मघाती कदम उठा लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। इस मामले की सबसे अनोखी और संवेदनशील बात यह है कि प्रीति ने आत्महत्या से पहले अपना कथित सुसाइड नोट कागज या दीवार पर नहीं, बल्कि हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा था।
पुलिस के अनुसार, प्रीति को संभवतः आशंका थी कि कागज या दीवार पर लिखा गया सुसाइड नोट नष्ट किया जा सकता है। इसलिए उन्होंने मेहंदी से अपने हाथों और पैरों पर संदेश लिखे। पुलिस ने इन लिखावटों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई है तथा इन्हें मृत्यु पूर्व बयान (डाइंग डिक्लेरेशन से संबंधित साक्ष्य) के रूप में जांच में शामिल करने की तैयारी की है।
मेहंदी से लिखे संदेश में प्रीति ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें लगातार गालियां दी जाती थीं, उनके साथ दुर्व्यवहार होता था और ससुराल के कई सदस्य उन्हें प्रताड़ित करते थे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके मोबाइल फोन में बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। साथ ही उन्होंने अपनी मौत के बाद कुछ लोगों को उनके शव को छूने की अनुमति न देने की बात भी लिखी।
जानकारी के अनुसार, प्रीति वर्मा का विवाह वर्ष 2013 में लखन वर्मा से हुआ था। विवाह के बाद से ही उनके वैवाहिक जीवन में विवाद और प्रताड़ना के आरोप सामने आते रहे।
मृतका के भाई हरिओम जंघेला और उनकी माता का आरोप है कि प्रीति लंबे समय से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना झेल रही थीं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दो से तीन बार पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। हर बार पति द्वारा समझौते का भरोसा देने के बाद मामला शांत हो जाता, लेकिन कुछ समय बाद फिर प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। उनका कहना है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर प्रीति ने यह कदम उठाया।
वहीं, चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि प्रीति के हाथ-पैरों पर लिखे संदेशों की फोटो और वीडियोग्राफी कर सुरक्षित रखी गई है। जांच पूरी होने के बाद इन्हें महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए मामला दर्ज किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पहले इस मामले में किसी शिकायत की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मोबाइल रिकॉर्डिंग, मेहंदी से लिखे संदेश और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।