

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahadev betting app sri lanka 147 indians house arres sikandar prasad fugitive
रायपुर। ऑनलाइन सट्टेबाजी के चर्चित महादेव एप नेटवर्क के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। चर्चा है कि श्रीलंका पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े एक ठिकाने पर छापा मारते हुए 147 भारतीय युवकों को हाउस अरेस्ट किया है। सभी के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस कार्रवाई की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा है कि उन्हें फिलहाल ऐसी किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
छत्तीसगढ़ के कई युवक बताए जा रहे शामिल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाउस अरेस्ट किए गए अधिकांश युवक छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव के रहने वाले हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि युवाओं को एक निजी कंपनी में 45 हजार रुपये मासिक वेतन, मुफ्त आवास और भोजन का लालच देकर श्रीलंका भेजा गया था। परिवारों को यह विश्वास था कि उनके बच्चे वैध नौकरी कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के बाद कथित तौर पर उनके ऑनलाइन सट्टा पैनल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद फरार
जानकारी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाला सिकंदर प्रसाद श्रीलंका पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही पहले दुबई और फिर भारत लौट आया। इसके बाद वह भूमिगत हो गया। स्थानीय पुलिस ने उसके दुर्ग स्थित संभावित ठिकानों पर दबिश दी। यहां तक कि उसके जन्मदिन समारोह स्थल पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था।
महादेव सट्टा पैनल चलाने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, श्रीलंका में मौजूद युवक महादेव सट्टा पैनल का संचालन कर रहे थे। आर्थिक तंगी और बेहतर रोजगार की उम्मीद में कई युवक विदेश चले गए। आरोप है कि उन्हें असली काम की जानकारी दिए बिना सट्टा नेटवर्क से जोड़ा गया।
पहले से जांच एजेंसियों के निशाने पर महादेव नेटवर्क
महादेव सट्टा नेटवर्क के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल पहले से ही केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। जांच एजेंसियों ने उनकी दुबई स्थित संपत्तियों की जानकारी वहां की सरकार के साथ साझा की है। महादेव नेटवर्क से जुड़े मामलों में देशभर के विभिन्न थानों में करीब 40 एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी प्रमुख आरोपी हैं।
3,800 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस मामले में अब तक 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्ति जब्त और अटैच कर चुका है। हाल ही में इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर सौरभ चंद्राकर को ओमान में हिरासत में लिया गया, जबकि भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में जुटी हुई है। विदेश में मौजूद चार प्रमुख आरोपियों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने की कार्रवाई भी जारी है।
वहीं, रायपुर पुलिस अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, जांच एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के कई बड़े संचालक अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।