

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

TI run over while attempting to intercept a truck smuggling liquor; dies on the spot
देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का ऐलान किया है।
पांच पुलिस टीमों ने की थी ट्रक की घेराबंदी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब से भरा ट्रक हरदा की ओर से आ रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक नंबर MP 43 H 4786 इंदौर के रास्ते आगे जाने वाला है। इसके बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया था।
इसमें कन्नौद, खातेगांव और सतवास थाना प्रभारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं और अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी भी की गई थी।
रोकने की कोशिश में चालक ने चढ़ा दिया ट्रक
बताया जा रहा है कि इंदौर-बैतूल हाईवे पर पुलिस टीम ने शराब से भरे ट्रक को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक चालक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई। आरोप है कि चालक ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ट्रक आगे बढ़ा दिया और थाना प्रभारी दिलीप पुरी उसकी चपेट में आ गए। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। आबकारी निरीक्षक पूजा गहलोत के मुताबिक, ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही थी। अब पुलिस शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
CM मोहन यादव ने किया एक करोड़ की सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर थाना प्रभारी दिलीप पुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान उनका दिवंगत होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। राज्य सरकार इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए स्पेशल DG उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया है। साथ ही निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने दिवंगत थाना प्रभारी की पत्नी को SI के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।