

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP attacks Bhupesh Baghel following the arrest of Saurabh Chandrakar
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और उसे ओमान से भारत लाकर रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस में बेचैनी है और अब महादेव सट्टा ऐप से जुड़े कई राज सामने आएंगे।
‘कांग्रेस और भूपेश बघेल जवाब देने के लिए तैयार रहें’
उज्ज्वल दीपक ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के पिछले शासनकाल में महादेव सट्टा ऐप का करीब 6 हजार करोड़ रुपये का अवैध कारोबार फला-फूला। उन्होंने कहा कि भिलाई की एक छोटी सी जूस दुकान से शुरू हुआ यह कारोबार बुर्ज खलीफा तक पहुंच गया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरे नेटवर्क को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण मिला हुआ था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सट्टे की काली कमाई से अधिकारियों और सत्ता से जुड़े लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी जाती थी। दीपक ने कहा कि एक तरफ आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ सट्टे के पैसों से करोड़ों रुपये के आयोजन और शादियां की जा रही थीं।
508 करोड़ रुपये के लेनदेन का उठाया मुद्दा
भाजपा प्रवक्ता ने महादेव सट्टा ऐप मामले में 508 करोड़ रुपये के कथित लेनदेन का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सिंडिकेट के संचालकों ने 508 करोड़ रुपये बघेल तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। यह मामला अदालत में विचाराधीन है और इसकी जांच जारी है।
ओएसडी चंद्रभूषण वर्मा की भूमिका पर भी सवाल
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अवैध सट्टे की कमाई और कमीशन किन-किन लोगों तक पहुंचता था? तत्कालीन मुख्यमंत्री के ओएसडी चंद्रभूषण वर्मा सहित किन अधिकारियों की इस नेटवर्क में क्या भूमिका थी और इसे किसका राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था?
‘किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। अब मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी इसी कार्रवाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दीपक ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्टी अभी से अपने जवाब तैयार रखे, क्योंकि जांच आगे बढ़ने के साथ कई राज सामने आ सकते हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर कांग्रेस और भूपेश बघेल का पक्ष भी सामने आना बाकी है।