

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Temperature near 44 degrees in Raipur, heat wave alert in Surguja and Bilaspur
रायपुर: प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर तेज कर लिए हैं। मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनी के मुताबिक, आने वाले चार दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लू चलने की आशंका है। तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज हो रहा है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
रायपुर बना सबसे गर्म जिला:
सोमवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा, जो औसत से 3 डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को रायपुर का तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। माना एयरपोर्ट क्षेत्र में भी दिन का तापमान 40.6 डिग्री और रात का तापमान 28.6 डिग्री रहा। रात 9 बजे के बाद भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
बिलासपुर और दुर्ग में भी हालात चिंताजनक:
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से क्रमश: 2.6 और 2.8 डिग्री ज्यादा है। वहीं दुर्ग में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रहा। रात का तापमान 23.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया।
सरगुजा संभाग में लू का रेड अलर्ट:
उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से काफी अधिक है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
बस्तर में गर्मी से आंशिक राहत, बारिश की संभावना:
जहां एक ओर पूरा प्रदेश गर्मी से जूझ रहा है, वहीं बस्तर संभाग में थोड़ी राहत मिली है। बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में बिजली गिरने के साथ तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। भानपुरी में 20 मिमी और तोकापाल में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री रहा।
लू से बचने के लिए अलर्ट जारी:
मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में न निकलने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को खास सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।