

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The US has imposed a travel ban on 39 countries, citing national security; new restrictions will take effect from January 1.
वॉशिंगटन। अमेरिका ने राष्ट्रीय और सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए 39 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन ने आव्रजन नीति को और सख्त करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। हालिया सुरक्षा घटनाओं के बाद उठाए गए इस कदम से अमेरिका में ट्रैवल बैन या एंट्री रेस्ट्रिक्शन झेलने वाले देशों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
हालिया हमलों के बाद लिया गया फैसला
ट्रंप प्रशासन का यह कदम 26 नवंबर को वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो जवानों की हत्या के बाद उठाया गया है। इस हमले का आरोपी एक अफगान नागरिक था, जिसे अमेरिकी सेना की वापसी के बाद शरण दी गई थी। इसके अलावा 13 दिसंबर को सीरिया में इस्लामिक स्टेट के हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिए की भी मौत हुई थी। व्हाइट हाउस के अनुसार, कई देशों में सक्रिय आतंकवादी खतरे, आंतरिक संघर्ष और वीजा ओवरस्टे की ऊंची दरें इस फैसले के प्रमुख कारण हैं।
7 देशों पर पूर्ण ट्रैवल बैन
मंगलवार (16 दिसंबर, 2025) को ट्रंप प्रशासन ने सात और देशों तथा फिलिस्तीनियों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध की घोषणा की। नए आदेश के तहत बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया पर पूर्ण ट्रैवल बैन लगाया गया है। इसके साथ ही लाओस और सिएरा लियोन, जिन पर पहले आंशिक पाबंदियां थीं, अब पूर्ण प्रतिबंध की सूची में शामिल कर लिए गए हैं। फिलिस्तीनी अथॉरिटी द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले फिलिस्तीनियों को भी इस सूची में रखा गया है।
पहले से 12 देशों पर जारी है प्रतिबंध
अमेरिका पहले ही अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लागू कर चुका है।
15 देशों पर आंशिक एंट्री रेस्ट्रिक्शन
नए फैसले के तहत अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोट डी’आईवोर, डोमिनिका, गैबॉन, द गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे के नागरिकों पर आंशिक प्रवेश प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके अलावा बुरुंडी, क्यूबा, टोगो और वेनेजुएला पर पहले से लागू आंशिक पाबंदियां जारी रहेंगी।
तुर्कमेनिस्तान को मिली आंशिक राहत
नई व्यवस्था के तहत तुर्कमेनिस्तान एकमात्र ऐसा देश है, जिसे आंशिक राहत दी गई है। इसके नागरिकों के लिए गैर-आप्रवासी वीजा पर लगी पाबंदियां हटा ली गई हैं।
किन्हें मिलेगी छूट
नई उद्घोषणा में कुछ श्रेणियों को छूट दी गई है। ग्रीन कार्ड धारक, मौजूदा वीजा होल्डर्स, राजनयिक, खिलाड़ी और वे लोग जिनका अमेरिका में प्रवेश राष्ट्रीय हित में माना जाएगा, इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे। इसके अलावा व्यक्तिगत मामलों में केस-बाय-केस आधार पर छूट (वेवर) की व्यवस्था भी बरकरार रखी गई है, हालांकि परिवार-आधारित वीजा छूट को सीमित किया गया है।
1 जनवरी से लागू होंगे नए नियम
व्हाइट हाउस की फैक्ट शीट के अनुसार, यह विस्तारित यात्रा प्रतिबंध और प्रवेश संबंधी पाबंदियां 1 जनवरी से प्रभावी होंगी। प्रशासन का कहना है कि कमजोर वीजा जांच प्रणाली, अधिक वीजा ओवरस्टे दर और आतंकवादी गतिविधियों के खतरे को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।