

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The process for availing leave has been digitized for teachers and employees in Chhattisgarh.
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अवकाश लेने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब छुट्टी के लिए विभागीय मानव संसाधन प्रबंधन सूचना प्रणाली यानि HRMIS पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। लोक शिक्षण संचालनालय यानि DPI ने स्पष्ट किया है, कि ऑफलाइन माध्यम से मिलने वाले अवकाश आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
DPI के अनुसार, विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को पहले ही HRMIS पोर्टल के माध्यम से अवकाश आवेदन प्रस्तुत करने और उनकी स्वीकृति की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद ऑफलाइन आवेदन मिलने की स्थिति सामने आ रही है। इसे देखते हुए संचालनालय ने व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। अब अवकाश आवेदन स्वीकार करने से लेकर उनकी स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही संचालित होगी।
आपको बता दें, कि स्कूल शिक्षा विभाग में पहले ही शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र यानि VSK ऐप के माध्यम से प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू है। विभागीय स्तर पर उपस्थिति से जुड़े आंकड़ों का उपयोग निगरानी और प्रशासनिक कार्यों में किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था के संबंध में DPI ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है, कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों और स्कूलों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराएं। शिक्षकों और कर्मचारियों को भी अवकाश लेने से पहले निर्धारित पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत करना होगा। ऑफलाइन आवेदन पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अब छुट्टी की योजना बनाते समय ऑनलाइन आवेदन और उसकी स्वीकृति की प्रक्रिया का ध्यान रखना जरूरी होगा।