

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The railway overbridge connecting Naya Raipur to NH-53 will be ready by December.
रायपुर: नवा रायपुर अटल नगर में सेंध जलाशय व सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल के पास रायपुर-विशाखापट्टनम (वाल्टेयर) रेललाइन पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज इस साल दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। लगभग 69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का काम काफी तेजी से चल रहा है।
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे लाइन के दोनों तरफ एप्रोच रोड, फाउंडेशन और अबेटमेंट निर्माण का लगभग आधा कार्य पूरा हो चुका है। कुछ हिस्सा जो रेलवे के ऊपर है, वहां गर्डर लगाए जाने बाकी हैं। एप्रोच रोड सहित इस ओवरब्रिज की कुल लंबाई 1.1 किलोमीटर है, जिसमें 110 मीटर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। पाइल फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि इस ओवरब्रिज के बनने से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 (NH-53) से नवा रायपुर सीधे जुड़ जाएगा। वर्तमान में नवा रायपुर से आरंग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को ग्राम सेरीखेड़ी अथवा सत्य साईं अस्पताल व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास से होकर जाना पड़ता है। परसदा रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। विशेषकर क्रिकेट स्टेडियम में मैच के दौरान होने वाली ट्रैफिक की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। इस ओवरब्रिज के बनने से नवा रायपुर क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और अस्पताल तथा नवा रायपुर के विभिन्न सेक्टरों के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। साथ ही नवा रायपुर के लेयर-1 के आसपास आवासीय योजनाएं व आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।