

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The thrill of golf kicks off in Naya Raipur today.
रायपुर। नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आज यानी 15 सितंबर से शुभारंभ होगा। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की भी विशेष मौजूदगी रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की मौजूदगी से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलने के साथ छत्तीसगढ़ में गोल्फ और खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगी शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा।
इसके पश्चात प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और प्रतियोगिता से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान आयोजन के उद्देश्यों, गोल्फ को बढ़ावा देने और नवा रायपुर में खेल पर्यटन की संभावनाओं को लेकर जानकारी साझा की जाएगी।
गोल्फ और खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि बढ़ाने और उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गोल्फ प्रतियोगिता के जरिए देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों को नवा रायपुर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के जरिए नवा रायपुर को आधुनिक खेल सुविधाओं, गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं को बल मिलेगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की खेल क्षमता और नवा रायपुर की आधुनिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर भी साबित हो सकता है।