

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu deo sai joins 117 year old ganeshotsav tradition in raipur gol bazaar
रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और यहां श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप गणेशोत्सव पंडाल में विराजित भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान गणेश की आरती उतारी और प्रदेश की प्रगति एवं प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।
गणेशोत्सव सामाजिक एकता का प्रतीक : मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़े और प्रदेश के हर घर-परिवार में सुख एवं खुशहाली का वास हो, यही उनकी कामना है।
117 साल से जारी है गणेशोत्सव की परंपरा
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना अपने आप में खास उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम करती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ती हैं।

गौरतलब है कि गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के लिए रायपुर में विशेष पहचान रखती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें गजमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा
भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी श्रद्धा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।