

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Theft worth one crore uncovered in Bhilai; 9 accused arrested
डॉक्टर के सूने मकान को बनाया था निशाना, नकदी और जेवर लेकर फरार हुआ था अंतरराज्यीय गिरोह; मास्टरमाइंड राहुल बंसोड़ अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में डॉक्टर के घर हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, महंगी गाड़ियां, सोने के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। हालांकि, वारदात का मुख्य साजिशकर्ता राहुल बंसोड़ अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर का है। यहां रहने वाली डॉ. नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया।
23 अक्टूबर को जब डॉक्टर अपने परिवार के साथ वापस लौटीं, तो घर की अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी करीब एक करोड़ रुपये की नकदी और कीमती आभूषण गायब थे। इसके बाद वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कीं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में राहुल बंसोड़ और उसके साथियों की भूमिका सामने आई।
इसके बाद पुलिस की विशेष टीमों ने छत्तीसगढ़ के गोंदिया, नागपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों की तलाश में दबिश दी। भदोही से प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए लाखों रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम से सेकेंड हैंड गाड़ियां खरीदी थीं। इतना ही नहीं, चोरी किए गए कुछ आभूषणों को गलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश भी की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, एक्सयूवी कार, इनोवा, सुपर स्प्लेंडर बाइक, महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और सोने के आभूषण सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात की साजिश वैशाली नगर निवासी राहुल बंसोड़ ने रची थी। वह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसे डॉक्टर के परिवार की आर्थिक स्थिति और उनके घर में रखी नकदी की जानकारी थी। साथ ही उसे पता था कि परिवार कुछ दिनों के लिए बाहर जाने वाला है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें प्रदीप कुमार चौधरी, सुजीत सिंह और सोनू जायसवाल समेत अन्य सहयोगी शामिल हैं। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।