

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

There is a need to turn AI into an opportunity, not to fear it – Finance Minister O.P. Choudhary.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अपनाने वाले ही भविष्य का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों से भयभीत होने के बजाय उन्हें अपने करियर और देश के विकास का सबसे बड़ा अवसर मानें।
महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (एमएआईसी) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन "Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact" में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से ज्ञान, तकनीक और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है। ऐसे समय में युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा कि भारत का स्वर्णिम इतिहास शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार पर आधारित रहा है। लगभग 1600 वर्षों तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था इसलिए था क्योंकि यहां ज्ञान और शोध को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती थी। आज भी देश को उसी दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि आज दुनिया के सबसे सफल उद्योगपति और कंपनियां नवाचार की बदौलत वैश्विक नेतृत्व कर रही हैं। एलन मस्क, एनवीडिया और एप्पल जैसी कंपनियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कई टेक्नोलॉजी कंपनियों का मूल्यांकन अनेक देशों की अर्थव्यवस्था से भी अधिक हो चुका है। इसलिए युवाओं को तकनीकी बदलावों को समझते हुए स्वयं को समय के अनुरूप विकसित करना चाहिए।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि एआई अनेक कार्यों को सरल और तेज बना सकता है, लेकिन मानवीय संवेदनशीलता, करुणा और मानवीय स्पर्श का विकल्प कभी नहीं बन सकता। उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य सेवाओं, नर्सिंग और अन्य सेवा क्षेत्रों जैसे मानवीय मूल्यों से जुड़े क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की सलाह दी।
उन्होंने युवाओं से केवल रोजगार तलाशने तक सीमित न रहने और नवाचार व उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और वे विश्वस्तरीय स्टार्टअप तथा तकनीकी कंपनियां स्थापित कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विजन से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार "छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047" पर कार्य कर रही है। इसके तहत नवा रायपुर को तकनीक और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सेमीकंडक्टर यूनिट, एआई डेटा सेंटर और ट्रिपल आईटी में अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में वित्त मंत्री चौधरी ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज प्रबंधन, आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के युवा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।