

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Three-day bank strike averted; branches opened on Sunday despite the holiday... employees registered their protest by wearing black clothes.
रायपुर। सोमवार से शुरू होने वाली प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल स्थगित होने के बाद रविवार को भी राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बैंक खुले रहे। रिजर्व बैंक के निर्देश के तहत छुट्टी के दिन शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। हड़ताल की आशंका के चलते बड़ी संख्या में ग्राहक पहले ही बैंक पहुंच गए थे।रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, आईडीबीआई और एचडीएफसी समेत कई बैंकों की शाखाओं में ग्राहकों की आवाजाही रही। सबसे ज्यादा भीड़ एसबीआई की शाखाओं में नजर आई।
तीन दिन बैंक बंद रहने की संभावना को देखते हुए रविवार को बड़ी संख्या में लोग नकदी निकालने के लिए बैंक पहुंचे। कारोबारियों ने भी अपने जरूरी लेनदेन के लिए रकम निकाली। इसके अलावा फीस और विभिन्न चालान जमा कराने वाले ग्राहक भी शाखाओं में पहुंचे।कुछ छात्रों ने बताया कि कई परीक्षाओं से जुड़े चालान जमा करने की तारीख इसी अवधि में थी। ऐसे में बैंक बंद रहने की स्थिति में उन्हें परेशानी होने की चिंता थी।
छुट्टी के दिन बैंक खोलने के फैसले का कर्मचारियों के एक वर्ग ने विरोध किया। कई शाखाओं में कर्मचारी काले कपड़े पहनकर ड्यूटी पर पहुंचे। कुछ कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।कर्मचारियों का कहना था कि रविवार को बैंक खोलने का फैसला दबाव बनाने की कोशिश है। हालांकि कुछ कर्मचारियों ने इसे ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए उचित कदम भी बताया।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई। विभिन्न मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद यूनियनों ने सोमवार से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया।यूएफबीयू के छत्तीसगढ़ संयोजक वाय गोपाल कृष्णा के अनुसार, हड़ताल टालने के फैसले में ग्राहकों को होने वाली संभावित परेशानी को भी ध्यान में रखा गया।
हड़ताल स्थगित होने के पीछे प्रमुख मुद्दों में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग शामिल है। आईबीए और बैंक यूनियनों के बीच सहमति बनी है कि सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी।समिति इस मांग से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर चर्चा करेगी और कर्मचारियों, बैंकों तथा ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना यानी पीएलआई में बदलाव का मुद्दा भी बातचीत में शामिल है। यूनियनों और अधिकारी संगठनों की आपत्तियों के आधार पर आईबीए योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के सामने रख सकता है।इसके साथ ही 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।
हड़ताल के दौरान नकदी की किल्लत न हो, इसके लिए रविवार को कई बैंकों ने एटीएम में पर्याप्त कैश भर दिया। बैंक कर्मचारियों के मुताबिक हड़ताल की स्थिति में कैश काउंटर से लेनदेन प्रभावित हो सकता था, इसलिए ग्राहकों के लिए एटीएम में अतिरिक्त नकदी उपलब्ध कराई गई।बैंकों के कैश चेस्ट भी बंद रहने की स्थिति को देखते हुए अगली रिफिलिंग 1 अक्टूबर की सुबह किए जाने की तैयारी थी। हालांकि हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज शुरू रहेगा।