

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Thrilling air show by the Indian Air Force at the Chhattisgarh State Festival
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आज राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना का शानदार एयर शो आयोजित किया जा रहा है। आसमान में वायुसेना के जवानों के हैरतअंगेज करतब दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के 8 प्रशिक्षित जवानों ने करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से C-295 विमान से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई। वहीं, MI-17 हेलिकॉप्टर के जरिए जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन किया।
एयर शो में भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा और सारंग टीम अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रही हैं। सारंग टीम के पांच हेलिकॉप्टर एक साथ आसमान में उड़ान भरकर करीब 10 तरह के रोमांचक करतब दिखाएंगे। इनमें आसमान में दिल, डायमंड और इंडिया फॉर्मेशन बनाना प्रमुख आकर्षण रहेगा।
8 हजार फीट की ऊंचाई से जवानों ने लगाई छलांग
एयर शो का खास आकर्षण आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम का प्रदर्शन है। टीम के 8 प्रशिक्षित जवान करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से C-295 विमान के जरिए पैराशूट से छलांग लगाएंगे। इस टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा कर रहे हैं। आकाशगंगा टीम आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से रायपुर पहुंची है।
आसमान में दिल बनाएंगे सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टर
सारंग टीम के पांच हेलिकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। इनमें हार्ट फॉर्मेशन खास आकर्षण होगा। इस दौरान हेलिकॉप्टर सफेद धुएं के जरिए आसमान में दिल की आकृति बनाएंगे। इसके अलावा डायमंड और इंडिया फॉर्मेशन भी देखने को मिलेंगे।
टीम के हेलिकॉप्टर डॉल्फिन की तरह ऊपर-नीचे उछलते हुए उड़ान भरेंगे। कुछ करतबों में हेलिकॉप्टर एक-दूसरे के सामने से गुजरेंगे। वहीं, सारंग स्प्लिट के दौरान पांचों हेलिकॉप्टर अचानक अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरेंगे।
रेस्क्यू ऑपरेशन में भी अहम है MI-17 हेलिकॉप्टर
एयर शो में MI-17 हेलिकॉप्टर भी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है। यह हेलिकॉप्टर केवल सैन्य अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल तक पहुंचाने में MI-17 का इस्तेमाल किया जाता है। आपदा के समय भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने में भी यह उपयोगी साबित होता है।
सुरक्षा में 700 से 800 पुलिस जवान तैनात
एयर शो को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
इस एयर शो का उद्देश्य केवल वायुसेना की ताकत और हवाई करतबों का प्रदर्शन करना ही नहीं है, बल्कि आम लोगों को भारतीय वायुसेना के कामकाज, जवानों के प्रशिक्षण और आपदा के समय उनकी भूमिका से भी परिचित कराना है। इसके साथ ही युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।