

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Tragic accident on Mungeli-Bilaspur highway, uncontrolled car hits bike, three youths died
बिलासपुर। मुंगेली-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और बदहाल सड़क ने तीन युवकों की जान ले ली। जिला पंचायत धरमपुरा के पास अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दो घायलों की अस्पताल में मौत
जरहागांव थाना प्रभारी शोभा के अनुसार, यह घटना 13 अप्रैल की है। हादसे में घायल आर्यन निर्मलकर (जरहागांव निवासी) और शुभम निर्मलकर (बिलासपुर निवासी) की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों युवक जरहागांव से भटगांव की ओर जा रहे थे।
गड्ढों से बचने की कोशिश में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निर्माणाधीन टोल नाके के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बाइक सवार इन्हीं गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हुआ।
परिजनों में आक्रोश, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधूरी सड़क और तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
परिजनों का कहना है कि जिले में अधूरी और खराब सड़क पहले से ही खतरनाक बनी हुई थी, वहीं अब निर्माण कार्य के दौरान बने गड्ढे और भी जानलेवा साबित हो रहे हैं। एक ओर टोल प्लाजा का काम तेजी से हो रहा है, जबकि सड़क की हालत बदहाल है।
पुलिस जांच में जुटी, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।