

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic accident on the Ambikapur-Wadrafnagar route: Massive fire breaks out after collision between two motorcycles; 2 youths Died, 2 critically injured.
अंबिकापुर। अंबिकापुर-वाड्रफनगर मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसा वाड्रफनगर के समीप चुरैला नाला के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के पेट्रोल टैंक फट गए और कुछ ही क्षणों में दोनों मोटरसाइकिलें धू-धूकर जल उठीं। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और चुरैला नाला के पास आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरे, जबकि दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी तत्काल मदद के लिए पास नहीं पहुंच सके।
घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल भेजा गया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का मानना है कि इससे हादसे में गंभीर चोटें आने की आशंका और बढ़ गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का प्रमुख कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अंबिकापुर-वाड्रफनगर मार्ग पर चुरैला नाला के पास सड़क घुमावदार है, जहां वाहन चालक अक्सर गति पर नियंत्रण नहीं रख पाते। मामले की जांच जारी है।