

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Accident News: Tragic accident on the under-construction Ganga Expressway, four young women Died in a collision with a speeding car
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने दावत से लौट रहे आठ लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
दावत से लौट रहे थे सभी लोग
मिली जानकारी के मुताबिक घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास की है। कोडर गांव के रहने वाले कुछ लोग पास के चुली गांव में सामुदायिक दावत में शामिल होने गए थे। देर रात सभी लोग पैदल घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग कई फीट दूर जा गिरे।
चार युवतियों की गई जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रश्मी (14) और आसमा (22) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य चार घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल और अस्पताल का जायजा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य जारी है और तेज रफ्तार वाहन के कारण यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।