

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Rajnandgaon: Speeding car hits divider; three youths died.
राजनांदगांव। टेड़ेसरा के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पुलिया के एक हिस्से में जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह (36), तोषण तिवारी (26) और प्रशांत तोषे (36) अपने दो अन्य दोस्तों के साथ राजनांदगांव की ओर आ रहे थे। रविवार को अभिषेक सिंह का जन्मदिन था। सभी दोस्तों ने जन्मदिन के मौके पर ढाबे में खाना खाने का प्लान बनाया था।
शनिवार-रविवार की रात करीब 1:30 बजे कार टेड़ेसरा के पास पुलिया के नजदीक पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पुलिया के एक हिस्से में जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी पांच युवक घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पेट्रोलिंग टीम पहुंची। टीम ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान अभिषेक सिंह, तोषण तिवारी और प्रशांत तोषे की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल दो अन्य युवकों का इलाज अभी जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
रविवार सुबह तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया। पीएम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।