

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Truck loaded with counterfeit 'Parag' gutkha seized; uproar ensues over goods worth ₹50 lakh
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नकली पराग गुटखा की तस्करी का मामला सामने आने के बाद अब GST अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। करीब 50 लाख रुपये के नकली गुटखे से भरा एक ट्रक पकड़े जाने के बाद कार्रवाई के तरीके पर विवाद खड़ा हो गया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मौके पर पहुंची GST टीम ने नियमानुसार जब्ती की प्रक्रिया अपनाने के बजाय ट्रक को निजी पार्किंग में खड़ा कराने की कोशिश की। इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान पंचनामा भी नहीं बनाया गया।
मामला 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे का है। जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक BR 24 GD 2426 रायपुर से नकली पराग गुटखा भरकर बिहार ले जाया जा रहा था। तरपोंगी टोल प्लाजा के पास युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। इस दौरान चालक ने कथित तौर पर बताया कि ट्रक में नकली पराग गुटखा भरा है, जिसे रायपुर के एक गोदाम से बिहार भेजा जा रहा है।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने GST अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। लेकिन अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर ही विवाद शुरू हो गया।
पंचनामा नहीं बनाने और निजी पार्किंग में ट्रक खड़ा कराने का आरोप
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि GST अधिकारियों ने ट्रक को जब्त करने और उसे GST कार्यालय या थाने ले जाने के बजाय निजी पार्किंग में खड़ा कराने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से कार्रवाई और पंचनामा बनाने की मांग की, लेकिन आरोप है कि उन्हें स्पष्ट जवाब देने के बजाय अधिकारी मौके से निकल गए।
इस दौरान अधिकारियों के साथ पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को लेकर भी सवाल उठाए गए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उस व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। ऐसे में अधिकारियों और उस व्यक्ति के बीच कथित मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
खुद को असिस्टेंट कमिश्नर बताने वाले अधिकारी पर भी सवाल
मौके पर पहुंचे दो व्यक्तियों की पहचान और पद को लेकर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को असिस्टेंट कमिश्नर बताया, जबकि दूसरे ने अपना नाम सिर्फ रात्रे बताया और रायपुर में पदस्थ होने की बात कही।
हालांकि, दूसरे जिले के अधिकारी रायपुर में किसके निर्देश पर कार्रवाई करने पहुंचे थे और उनकी वास्तविक पदस्थापना क्या है, यह जांच का विषय बन गया है।
थाने में खड़ा है गुटखे से भरा ट्रक, शिकायत के बाद जांच की मांग
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता फैज खान, नवाज खान और सामाजिक कार्यकर्ता अफरोज ख्वाजा ने धरसींवा थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने GST अधिकारियों की भूमिका, कथित कारोबारी संबंधों और कार्रवाई के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
विरोध के बाद ट्रक को निजी पार्किंग के बजाय धरसींवा थाने पहुंचाया गया। फिलहाल नकली पराग गुटखे से भरा ट्रक थाने में खड़ा है। थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने और मामले की जांच किए जाने की बात कही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब 50 लाख रुपये के कथित नकली गुटखे की तस्करी के मामले में GST अधिकारियों ने नियमों के मुताबिक कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या वाकई ट्रक को निजी पार्किंग में खड़ा कराने की कोशिश हुई थी और मौके पर पहुंचे अधिकारियों की वास्तविक भूमिका क्या थी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।