

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Two brothers were returning with momos for their sister when a coal-laden trailer overturned, shattering the family.
बिलासपुर। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेलतरा के पास कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में बाइक सवार दो सगे भाई आ गए। दोनों ट्रेलर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा गांव के पास हुआ।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय संदीप रजक और उसके 16 वर्षीय छोटे भाई प्रदीप रजक के रूप में हुई है। दोनों दिनभर काम करने के बाद होटल गए थे। वहां से अपनी बहन के कहने पर मोमोज लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों के अनुसार, पिता के निधन के बाद संदीप और प्रदीप ही परिवार का सहारा थे। संदीप ट्रेलर चालक के रूप में काम करता था, जबकि प्रदीप मैकेनिक था। दोनों अपनी मां और बहन का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर (CG-12-BH-2296) काफी तेज गति से चल रहा था। बेलतरा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे पहले से खोदी गई नाली और अधूरी निर्माण सामग्री के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर पलटते ही उसी समय वहां से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप के लिए नाली निर्माण के उद्देश्य से करीब चार महीने पहले सड़क किनारे खुदाई की गई थी। बाद में काम रोक दिया गया, लेकिन गड्ढा और निर्माण सामग्री वहीं छोड़ दी गई, जिससे यह स्थान दुर्घटना का कारण बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रेलर को हटाकर दोनों भाइयों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के सेंदरी से बगदेवा तक लगभग 40 किलोमीटर के हिस्से में आठ खतरनाक स्थान हैं। इनमें सेंदरी, भरारी, रानीगांव, मदनपुर, रतनपुर बाईपास, खूंटाघाट, बेलतरा और बगदेवा शामिल हैं। यहां न तो सुरक्षित अंडरब्रिज हैं और न ही पर्याप्त क्रॉसिंग व्यवस्था। ग्रामीणों के अनुसार, केवल बेलतरा क्षेत्र में ही हर महीने दो से तीन लोगों की सड़क हादसों में जान चली जाती है।
इधर, निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर ग्राम बघिमा के पास सीमेंट से लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधूरी सड़क, चेतावनी संकेतों की कमी, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ट्रक के पहिए धंस गए और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।