

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Two laborers from Chhattisgarh killed in Kulgam terror attack; Chief Minister Sai announces ₹20 lakh in financial aid for each.
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। दिल्ली दौरे से रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम श्रीनगर के कुलगाम क्षेत्र में आतंकवादियों ने मजदूरों के एक समूह पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में सक्ती जिले के दीपक रात्रे (24 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलौदाबाजार जिले के भूपेंद्र कुमार (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
रायपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आतंकी घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए पीड़ादायक क्षण है। उन्होंने दोनों दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दोनों मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके।
कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो युवाओं की मौत की खबर से सक्ती और बलौदाबाजार सहित पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है।