

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Two major road accidents in Chhattisgarh have caused a stir; a bus carrying laborers—including devotees returning from a temple—met with an accident... 3 dead... many injured.
सारंगढ़। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगह हुए दो सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। सारंगढ़ में मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप की तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई, जबकि वाड्रफनगर में मजदूरों से भरी बस और बोलेरो आमने-सामने टकरा गई। दोनों हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।
सारंगढ़ में सोमवार दोपहर चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को सामने से आ रहे माजदा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा पुराना सीपीएम स्कूल-कॉलेज के पास कुशल नगर क्षेत्र में करीब दोपहर एक बजे हुआ।बताया जा रहा है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के ग्रामीण पिकअप से मंदिर दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान पिकअप की ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में उमेश दीवान और भुवनेश्वरी दीवान की मौत हो गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य संभाला और दुर्घटना की जांच शुरू की।
दूसरी दुर्घटना वाड्रफनगर में रविवार रात बनारस मार्ग पर पुरानी नर्सरी के पास हुई। यहां उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर हैदराबाद जा रही बस की सामने से आ रही बोलेरो से टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोलेरो में सवार सहदेव, निवासी मोहली, गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो और बस में सवार कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर डायल 112 और वाड्रफनगर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।घायलों को सिविल अस्पताल वाड्रफनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
सारंगढ़ और वाड्रफनगर दोनों मामलों में पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुए। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़कों पर भारी वाहनों और यात्री वाहनों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है।