

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Two tigers electrocuted to death in Shahdol; Deputy Ranger and Beat Guard suspended, 7 accused arrested
शहडोल। शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आकर एक नर बाघ और एक मादा बाघिन की दर्दनाक मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में डिप्टी रेंजर समेत एक बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मासीरा सर्किल के बनचाचर बीट में हुई घटना
यह मामला जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के मासीरा सर्किल अंतर्गत बीट बनचाचर, कक्ष क्रमांक 382 की राजस्व भूमि से जुड़ा है। यहां खेतों की सुरक्षा के लिए किसानों द्वारा अवैध रूप से बिजली के तार लगाए गए थे, जिनकी चपेट में आने से दोनों बाघों की मौत हो गई।
वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था और मैदानी अमले की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी में भारी लापरवाही बरती गई, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।
लापरवाही के चलते हुई विभागीय कार्रवाई
वन विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर डिप्टी रेंजर बृहस्पति पटेल और बीट गार्ड राजेंद्र पूरी को निलंबित कर दिया गया है। उत्तर वन मंडल की डीएफओ तरुणा वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
करंट फैलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेतों में करंट फैलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

आगे और अधिकारियों पर गिर सकती है गाज
विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच अभी जारी है और लापरवाही सामने आने पर अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी होगी सख्त
दो बाघों की मौत की घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग ने कहा है कि संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी और गश्त को और सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।